-दिन का तापमान 46 डिग्री से ऊपर, रात में भी बढ़ी गर्मीै
भिण्ड, 27 अप्रैल। जिले में गर्मी के तेवर बढ़ने लगे हैं, दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने लगी हैं, वहीं रात का तापमान भी लगातार बढ़ने से राहत नहीं मिल पा रही। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार और रात का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
जिले में गर्मी इतनी तेज है कि अब दिन के साथ-साथ रात में भी लू का असर महसूस किया जा रहा है। वर्तमान में भीषण गर्मी के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और डॉक्टरों ने हीट स्ट्रोक से बचने के लिए आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। दिन में तेज धूप के साथ चल रही गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। उधर रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। तेज धूप और लू जैसे हालात से बचने के लिए लोग पूरे शरीर को ढंककर घर से निकल रहे हैं। युवतियां दुपट्टा और स्टॉल का उपयोग कर रही हैं, वहीं युवा तौलिया या कपड़ा बांधकर चल रहे हैं। महिलाएं भी बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए पूरी तरह ढंककर बाहर ला रही हैं।
मौसम में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना जताई जा रही है। तापमान में और इजाफा होने से दोपहर के समय हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। गर्मी बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है, वायरल बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार अचानक बढ़ी गर्मी और बदलते मौसम के कारण लोग बीमार हो रहे हैं।
गर्मी से बढ़ रही परेशानी
पिछले दिनों रात के समय तापमान में गिरावट आने से लोगों को कुछ राहत मिल जाती थी, लेकिन अब न्यूनतम तापमान 29 डिग्री से ऊपर रहने के कारण रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों ने दी सलाह
जिला स्वास्थ्य समिति ने लू और तापघात को लेकर अलर्ट जारी किया है और इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव ने कहा है कि बढ़ती गर्मी के कारण लू लगने का खतरा बढ़ गया है। तेज गर्मी के कारण उल्टी, दस्त, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी बीमारियां बढ़ सकती हैं। लोगों को दोपहर के समय घर में रहने, ठंडे स्थान पर रहने और अधिक से अधिक तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर के समय सीधे धूप में जाने और भारी काम से बचें, हल्के रंग के कपड़े पहनें और सिर को ढंककर रखें। बाहर निकलने से पहले पर्याप्त पानी पिएं, सूती कपड़े पहनें और दिन भर में नींबू पानी, छाछ, लस्सी, आम कापना और नारियल पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें। छायादार स्थानों में रहें। ताजा और स्वच्छ भोजन ही करें, ताकि गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।


