– वीडियो वायरल, वन विभाग टीम ने गांव में की पूछताछ
भिण्ड, 26 अप्रैल। जिले के अटेर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनेलाल के पुरा में भीम आर्मी के नेता देशराज धारिया का सांप का फन दबाकर प्रदर्शन करते हुए वीडियो सामने आया है, जिसमें सांप के शरीर से खून टपकता दिख रहा है। यह तमाशा एक फलदान समारोह के दौरान घायल सांप के साथ किया गया।
एक सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत पर वन विभाग की टीम ने सोनेलाल के पुरा गांव पहुंचकर लोगों से इस मामले में पूछताछ की है और पंचनामा बनाया। वन अधिकारी कृतिका शुक्ला के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और क्रूरता साबित होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना शुक्रवार 24 अप्रैल की बताई जा रही है। गांव में लगुन-टीका समारोह के दौरान डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। इसी बीच वहां एक सांप आ गया, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि भीम आर्मी नेता देशराज धारिया ने दर्द से तड़पते सांप को हाथ में लेकर उसका फन दबाया और लोगों के बीच प्रदर्शन किया। वीडियो में सांप के शरीर से खून टपकता हुआ साफ नजर आ रहा है। मामले की सूचना वन विभाग को मिली तो फॉरेस्ट टीम मौके पर पहुंची। टीम ने इस मामले में गांव के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत क्रूरता का मामला प्रतीत होता है। किसी भी जंगली जीव के साथ ऐसा व्यवहार कानूनन अपराध है। वन अधिकारी कृतिका शुक्ला ने बताया कि वन्य जीव के साथ क्रूरता की पुष्टि होने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।


