– शहर के शास्त्री कॉलोनी ब्लॉक-ए की घटना
भिण्ड, 23 अप्रैल। शहर के शास्त्री कॉलोनी ब्लॉक-ए में बिजली ट्रांसफार्मर से तेल का रिसाव होने के कारण आग लग गई, जिससे धमाका हुआ और डीपी पर आग की लपटें उड़ने लगीं। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। डीपी में आग की वजह से हाई वोल्टेज निकले और कई घरों के विद्युत उपकरण जल गए।
जानकारी के अनुसार शास्त्री कॉलोनी ब्लॉक-ए में रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मचारी रविन्द्र श्रीवास्तव के घर के सामने बिजली कंपनी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। बताया गया है कि बुधवार शाम से ही ट्रांसफार्मर से तेल का रिसाव हो रहा था। देर रात करीब 2 बजे रिसते तेल में अचानक आग लग गई, जिससे ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। आग बढ़ने के दौरान ट्रांसफार्मर में धमाका हो गया, जिससे आग की लपटें और चिंगारियां उछलकर आसपास के मकानों तक पहुंच गई। इस दौरान श्रीवास्तव के घर में लगा इनवर्टर जलकर खाक हो गया और अन्य घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा। उधर पड़ोसी राजेन्द्र शर्मा के घर की खिड़कियों के कांच टूटकर बिखर गए। घटना में करीब एक लाख रुपए से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाकर स्थिति को संभाला, वहीं सूचना के बावजूद रात में बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर न पहुंचने से रहवासियों ने नाराजगी जताई है।


