– उपार्जन केन्द्रों पर पहुंचकर समस्याएं सुनीं, अधिकारियों से तत्काल की चर्चा
भिण्ड, 21 अप्रैल। पूर्व विधायक रणवीर जाटव ने विधानसभा क्षेत्र गोहद के अंतर्गत विभिन्न गेहूं उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्रों पर पहुंचकर किसानों से बातचीत की और खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने स्लॉट बुकिंग और बारिश के कारण गेहूं की चमक कम होने जैसी समस्याएं सामने रखीं। इस पर जाटव ने मौके पर ही वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि किसानों के लिए बड़े स्लॉट भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें 100 से 150, 200 से 250, 250 से 300 और 400 से 500 तक की बुकिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसानों को सुविधा मिल सके। जाटव ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी किसान को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी कारणवश समय पर गेहूं की खरीदी नहीं हो पाती है तो खरीदी की तिथि भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी किसानों के गेहूं की खरीदी और तुलाई उपार्जन केन्द्रों पर सुनिश्चित कराई जाएगी और कोई भी किसान अपना गेहूं बेचने से वंचित नहीं रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा।


