– पूर्व विधायक की पहल से मिला इलाज-सैलरी का आश्वासन
भिण्ड, 21 अप्रैल। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर स्थित क्रॉम्प्टन सीजी पावर कंपनी के मुख्य गेट पर सोमवार को एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जब सुरक्षा गार्ड माजिद अली अपने पूरे परिवार के साथ धरने पर बैठ गया। धरने में उसकी पत्नी, वृद्ध मां, तीन छोटे बच्चे और भाई भी शामिल थे। परिवार ने कंपनी प्रबंधन पर घायल गार्ड की अनदेखी का आरोप लगाते हुए न्याय और सहायता की मांग की।
परिजनों के अनुसार, बीते माह ड्यूटी के दौरान अज्ञात बदमाशों ने माजिद अली को गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन द्वारा उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसके शरीर का एक हिस्सा पैरालाइज हो गया। वर्तमान में वह चलने-फिरने और काम करने में असमर्थ है। परिवार का आरोप है कि प्रारंभिक इलाज के बाद कंपनी ने आगे की कोई ठोस मदद नहीं की। माजिद अली का उपचार शासकीय अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से कराया गया, लेकिन उसके बाद न तो बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई और न ही आर्थिक सहायता दी गई। इस स्थिति में परिवार की आजीविका पर भी संकट गहरा गया। इन्हीं मांगों को लेकर माजिद अली अपने परिवार सहित कंपनी गेट पर धरने पर बैठ गया। पीड़ित परिवार ने मांग की कि उनका किसी अच्छे निजी हॉस्पिटल में समुचित इलाज कराया जाए, इलाज के दौरान नियमित रूप से सैलरी दी जाए तथा परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाए।
धरने की सूचना मिलते ही गोहद के पूर्व विधायक रणवीर जाटव ने तत्परता दिखाते हुए कंपनी के फैक्ट्री मैनेजर जुगवीर राठौर से फोन पर चर्चा की। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही माजिद अली और उसके परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। पूर्व विधायक की पहल के बाद कंपनी प्रबंधन ने माजिद अली का इलाज एक निजी हॉस्पिटल में कराने, इलाज की अवधि के दौरान हर माह सैलरी खाते में जमा करने तथा आवश्यक आर्थिक सहायता देने का लिखित आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने धरना समाप्त कर दिया। पूर्व विधायक की पहल से पीड़ित परिवार को राहत मिलने पर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए आभार जताया।


