– शादी समारोह में जा रहा था युवक, गाय से टकराई बाइक
भिण्ड, 20 अप्रैल। शादी समारोह में शामिल होने के लिए लहार जा रहे मोटर साइकिल सवार युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रास्ते में सड़क किनारे खड़ी गाय से उसकी बाइक टकरा गई। युवक उछलकर सीधे गाय के सींग पर गिरा, जिससे सींग उसकी छाती में घुस गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना मिहोना कस्बे के पास रविवार रात की है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्र.5 मिहोना निवासी 27 वर्षीय संजय कुशवाहा रविवार रात बाइक से लहार की ओर जा रहा था। रिपुदमन स्कूल के पास सड़क किनारे एक गाय खड़ी थी। अंधेरा होने और तेज रफ्तार के चलते वह गाय को नहीं देख सका और सीधे टकरा गया। हादसे के बाद संजय सड़क पर गिरकर दर्द से तड़पता रहा। पीछे से आ रहे राहगीरों ने युवक को घायल अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रौन भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सोमवार को शव का पोस्ट मार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


