– 50 साल पहले मरे नाना का 2020 में बनवाया मृत्यु प्रमाण पत्र
भिण्ड, 19 अप्रैल। जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र से जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी 50 साल पहले मर चुके अपने ही नाना का 2020 में फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवा लिया। 10 दिन पहले हुई शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 420, 467, 468, 471 भादंवि के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सुरपुरा थाना प्रभारी अरविंद सिकरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शिवशरण पुत्र चांदनारायण दीक्षित निवासी परा ने वर्ष 2020 में अपने रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण का फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र तैयार कराया। पुलिस जांच में सामने आया कि लक्ष्मी नारायण की मृत्यु करीब 50 वर्ष पहले 19 मई 1955 को आगरा जिले में हो चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी ने वर्ष 2020 का हवाला देते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार करा लिए। पुलिस जांच में यह भी आया है कि मृत्यु दिनांक के पश्चात प्रमाण पत्र में देरी से तैयार किया गया है, दस्तावेजों में मृत्यु प्रमाण पत्र 19 मई 1955 न होकर 20 मई 1955 दर्शाया गया है। इस फर्जी प्रमाण-पत्र के आधार पर आरोपी ने लक्ष्मी नारायण की जमीन अपने नाम कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। इस पूरे मामले की शिकायत करीब 10 दिन पहले विकास चौधरी द्वारा एसडीओपी कार्यालय में की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की, तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
पुलिस कर रही पड़ताल
जांच में पाया गया कि प्रमाण-पत्र में जिन गवाहों के नाम दर्ज किए गए थे, वे भी मिले नहीं हैं। वहीं दस्तावेज पर दर्शाई गई नोटरी भी को जांच में लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने का प्रयास किया। मामले में आरोपी के खिलाफ कूटरचना और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। हालांकि थाना प्रभारी का कहना है प्राथमिक तौर पर एफआईआर दर्ज की गई है जांच में जो साक्षी सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी मामले की जांच कराई जा रही है।


