– आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति द्वारा तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित
भिण्ड, 19 अप्रैल। आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति द्वारा तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन शहर के बीएसएनएल भवन के पीछे स्थित बाबा खाटूश्याम मैरिज गार्डन में धूमधाम और सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में समाज के कई जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे वैदिक रीति-रिवाज और सामाजिक परंपराओं के साथ कराया गया। आयोजन समिति ने नव दंपतियों को गृहस्थी का पूरा सामान और सोने-चांदी के आभूषण भेंट कर ससम्मान विदाई दी। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, विशिष्ट अतिथि दीदी हाजी तमन्ना किन्नर गुरु और समाजसेवी ओमप्रकाश अग्रवाल बाबूजी मंचासीन रहे। इसके अलावा जिले भर से समाज के पदाधिकारी और सैकड़ों समाजबंधु भी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि सामूहिक विवाह आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इससे समाज में दिखावे और फिजूल खर्चे पर रोक लगती है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह एकता, सहयोग और संस्कार का मापदण्ड है। जब समाज मिलकर गरीब कन्याओं की शादी कराता है तो इससे दो परिवारों का ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का मिलन होता है। विधायक ने मंच से सभी नव विवाहित जोड़ों को अपनी ओर से एक-एक फ्रीज देने की घोषणा की, जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
गरीब कन्या की शादी भागवत के बराबर पुण्य
विशिष्ट अतिथि दीदी हाजी तमन्ना किन्नर गुरु ने कहा कि किसी गरीब कन्या का कन्यादान करना एक भागवत कथा कराने के बराबर पुण्य देता है। इसलिए हर समाज को आगे आकर सामूहिक विवाह सम्मेलन जरूर करने चाहिए। इससे समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी नव विवाहित कन्याओं को आशीर्वाद स्वरूप सोने के वाले भेंट किए। इस दौरान उनके साथ आलिया बाई, रेखा बाई, संगीता बाई और चाहत बाई भी मौजूद रहीं।
कुरीतियों को खत्म करने का माध्यम
आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति के अध्यक्ष राजेश प्रजापति ने कहा कि समाज में फैली दहेज जैसी कुरीतियों को दूर करने के लिए ऐसे आयोजन बहुत जरूरी हैं। हमारा उद्देश्य है कि बेटी किसी भी मां-बाप को बोझ न लगे। समाज के सहयोग से जब सामूहिक विवाह होते हैं तो समाज एकजुट होता है और विकास की ओर बढ़ता है। सिद्ध गुरु बाबा सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने समाज को शिक्षा की ओर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है, इसलिए हर माता-पिता अपने बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा अवश्य दिलाएं। समाजसेवी ओमप्रकाश अग्रवाल बाबूजी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं। उन्होंने सभी वधुओं को सोने का ओम भेंट किया। संरक्षक लज्जाराम प्रजापति ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज को मजबूत बनाते हैं और एकता का संदेश देते हैं।
नव दंपतियों को मिला गृहस्थी का सामान
आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति के मीडिया प्रभारी रविरमन प्रजापति ने बताया कि संगठन की ओर से प्रत्येक जोड़े को सोने का ओम, कान के वाले, नाक की लॉन्ग, चांदी की पायल, बिछिया, चांदी की अंगूठी, अलमारी, कूलर, फ्रिज, पलंग, एलईडी टीवी, सिलाई मशीन, ड्रेसिंग टेबल, बर्तन सेट, गैस चूल्हा, कुर्सी, गद्दा, तकिया, प्रेस, ट्रॉली बैग समेत गृहस्थी का पूरा सामान उपहार स्वरूप दिया गया।
इस अवसर पर संरक्षक लज्जाराम प्रजापति, उपाध्यक्ष भगतराम प्रजापति, जिला महासचिव रवि प्रजापति, कोषाध्यक्ष रामदास प्रजापति, सचिव एवं मीडिया प्रभारी रविरमन प्रजापति, युवा अध्यक्ष नरेन्द्र प्रजापति, गोरमी ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. कल्याण प्रजापति, राजेश प्रजापति गोरमी, गोहद ब्लॉक अध्यक्ष रामनरेश प्रजापति, मालनपुर ब्लॉक अध्यक्ष कामता प्रसाद प्रजापति, अटेर ब्लॉक अध्यक्ष सोनदेव प्रजापति, धनीराम प्रजापति, अमित प्रजापति, मनीष प्रजापति, वासुदेव प्रजापति, महादेव प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।


