-पोषण पखवाड़े के तहत जागरूकता रैली का हो रहा आयोजन
भिण्ड, 17 अप्रैल। जिला कार्यक्रम अधिकारी अंजू तोमर के निर्देशन में शासन निर्देशानुसार पोषण अभियान की गतिविधियों का आयोजन विभिन्न परियोजना एवं सेक्टर स्तर पर किया जा रहा है। पोषण पखवाड़े की गतिविधियों के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य शून्य से 6 वर्ष तक के बालकों को उचित पोषण देकर कैसे स्वस्थ बनाया जाए। जीवन के प्रथम एक हजार दिवस को कैसे उत्कृष्ट बनाया जाए। जिसको दृष्टिगत रखते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध व्यंजन, पोषण आहार को दैनिक जीवन शैली में शामिल कर उनके पोषण स्तर में सुधार लाया जा सकता है। इसी क्रम में पोषण मटका, पोषण परी और जागरूकता हेतु प्रभात फेरी, रैली कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
परियोजना भिण्ड ग्रामीण अंतर्गत शुक्रवार को सेक्टर बरही में पोषण पखवाड़ा गीत एवं पोषण परी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही भिण्ड शहरी सेक्टर 4 में पोषण पखवाड़ा के तहत थीम अनुसार पोषण संबंधी बिंदुओं पर महिलाओं को समझाइश दी गई। परियोजना अटेर के सेक्टर सुरपुरा, प्रतापपुरा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम और पोषण पखवाड़े के तहत सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मप्र शासन के निर्देशानुसार 25 अप्रैल तक नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत निर्देशानुसार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी अंजू तोमर के निर्देशन में विकास खण्ड अटेर में नारी शक्ति वंदन के संबंध में विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को, स्वसहायता समूह की महिला, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और जन सामान्य को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
महिलाओं से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाएं लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई कि किस प्रकार शासन महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनकी सहायक है। साथ ही अक्षय तृतीया के अवसर पर होने वाले विवाह कार्यक्रमों पर नजर रखना भी आवश्यक है, बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही के तरीके भी बताए गए। कार्यक्रम में परियोजना अटेर की पर्यवेक्षक प्रभा दिनकर एवं अन्य पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।


