– 12वीं में 95 प्रतिशत के साथ रोहित तोमर रहे टॉपर
भिण्ड, 17 अप्रैल। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। शा. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मालनपुर का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शानदार रहा। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र में विद्यालय का नाम रोशन किया है।
कक्षा 12वीं (कॉमर्स संकाय) के छात्र रोहित तोमर ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नवित रजक ने कॉमर्स विषय में 93 प्रतिशत, आर्यन ने मैथ्स विषय में 90 प्रतिशत, मोहिनी पटेल ने कॉमर्स में 86 प्रतिशत तथा रचना ओझा ने मैथ्स विषय से 83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक छात्रों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। टॉपर छात्र रोहित तोमर के पिता का कुछ वर्ष पूर्व गंभीर बीमारी के कारण निधन हो गया था, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत के दम पर क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया। रोहित ने बताया कि उनका सपना चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना है। वहीं अन्य छात्र-छात्राओं ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनने की इच्छा जाहिर की।
10वीं में संजना पाल अव्वल
कक्षा 10वीं में विद्यालय की छात्रा संजना पाल ने 500 में से 449 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा देवराज, राहुल, कृष्णा, पलक, आरती, तनुष्का, आशीष, राधिका, तमन्ना, रमन, देवांश, सुमित, सत्यम, राघव, करिश्मा, मनोरमा, मुकुल और रॉकी सहित कई विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की।
प्राचार्य ने किया सम्मानित
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्राचार्य फोदल सिंह कुशवाहा ने विद्यालय में सम्मानित किया। प्राचार्य ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को 1100-1100 रुपए नकद पुरस्कार देकर तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना की।
कारपेंटर की बेटी बनी क्षेत्र की टॉपर
मालनपुर क्षेत्र के ग्राम हरीराम का पुरा निवासी संजय, जो कारपेंटर का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, उनकी बेटी आयुषी ने कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई कर कक्षा 10वीं में 470 अंक (94 प्रतिशत) प्राप्त किए। आयुषी ने क्षेत्र के एक निजी विद्यालय से पढ़ाई करते हुए यह उपलब्धि हासिल की और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया।


