– सिंधिया ने जताया रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार
– यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा, क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया बल
गुना, 16 अप्रैल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीना-गुना-रुठियाई मेमू ट्रेन (61611/61612) को प्रतिदिन एक बार के स्थान पर दो बार संचालित किए जाने की स्वीकृति मिलने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि बीना-गुना-रुठियाई मेमू ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी। यह निर्णय विशेष रूप से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों एवं कामकाजी लोगों के लिए राहत लेकर आएगा, जिससे उनका समय और संसाधनों की बचत होगी।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
सिंधिया ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की आधारशिला होती है। इस सुविधा से गुना और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा एवं क्षेत्रीय विकास को नई गति और मजबूती प्राप्त होगी।
2024 में रुठियाई तक बढ़वाया था मेमू ट्रेन का संचालन
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि यह निर्णय उनकी अनुशंसा पर लिया गया है। आपको बता दें कि वर्ष 2024 में सिंधिया ने इस मेमू ट्रेन का संचालन रुठियाई तक बढ़वाया था जिससे क्षेत्रीय जनता को बड़ा लाभ मिला। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार आमजन की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। सिंधिया ने पुन: केन्द्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सौगात गुना क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।


