– अभिनव सिंह भदौरिया ने रचा इतिहास
भिण्ड, 16 अप्रैल। मप्र की प्रतिष्ठित सुपर 100 प्रतियोगी परीक्षा के नतीजों में भिण्ड के अभिनव सिंह भदौरिया ने अपनी असाधारण प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अभिनव ने नीट वर्ग में पूरे प्रदेश में तृतीय स्थान और जेईई वर्ग में 14वीं रैंक हासिल कर दोहरा कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही उन्होंने मप्र बोर्ड 10वीं की परीक्षा में 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता सिद्ध की है।
अभिनव की इस गौरवशाली उपलब्धि में उनके परिवार का अहम योगदान रहा है। उनके बाबा केशव सिंह भदौरिया (वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष भिण्ड) के सार्वजनिक जीवन और समाजसेवा के प्रति समर्पण से अभिनव को बचपन से ही राष्ट्र और समाज के लिए बड़ा लक्ष्य हासिल करने का प्रोत्साहन मिला। इसी संस्कारों भरे परिवेश ने उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अभिनव केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास में भी अग्रणी हैं। वे सूर्य फाउण्डेशन में बतौर ट्रेनर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जहां वे पूरे भारत में आयोजित होने वाले शिविरों में बच्चों को पर्सनालिटी डेवलपमेंट के गुर सिखाते हैं। वे वक्तव्य कला में निपुण हैं और किसी भी समसामयिक विषय पर तात्कालिक भाषण देने की अद्भुत क्षमता रखते हैं। इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके पिता रिपुदमन सिंह भदौरिया, मां रजनी भदौरिया, बड़ी बहन अंजलि परमार और पूरे परिवार में हर्ष का माहौल है। अभिनव ने अपनी जीत का श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता, समस्त परिवारजनों एवं अपने छोटे भाई के निरंतर सहयोग और स्नेह को दिया है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने अभिनव के इस ऑलराउण्डर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की है।


