– विधायक नरेन्द्र सिंह ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
भिण्ड, 15 अप्रैल। शहर के निराला रंग बिहार परिसर में आयोजित हो रहे मेले में खेल और उत्साह का संगम देखने को मिला। स्वर्गीय हरिकिशन दास भूता की स्मृति में आयोजित विशेष कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह द्वारा किया गया। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घटन किया और खेल भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने मैदान में पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि ये अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के इस प्रयास की सराहना की कि मेले के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर के विभिन्न वार्डों के पार्षदगण, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। दर्शकों के हुजूम और खिलाड़ियों के जोश के बीच कबड्डी का पहला मुकाबला शुरू हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने दांव-पेंचों से उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।


