भिण्ड, 15 अप्रैल। जल जीवन मिशन के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग भिण्ड द्वारा विकास खण्ड लहार, रौन, भिण्ड, मेहगांव, गोहद एवं अटेर के विभिन्न ग्रामों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया एवं ग्राम पंचायतों को योजना विधिवत रूप से हस्तांतरित की गई। जिसमें सरपंच, सचिव एवं ग्रामवासियों की सहभागिता रही। साथ ही विभिन्न ग्रामों में जल परीक्षण हेतु रिफिल का वितरण किया गया तथा जल परीक्षण संबंधी जानकारी प्रदान की। इसके अलावा ग्रामवासियों को योजना के संचालन, संधारण एवं रख रखाव की जानकारी भी दी गई।
नौ मई को होगा नेशनल लोक अदालत का आयोजन
भिण्ड। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार 9 मई शनिवार को जिला मुख्यालय भिण्ड एवं न्यायिक तहसील गोहद, लहार, मेहगांव में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। उक्त नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक, सिविल, विद्युत अधिनियम, श्रम विधि, मोटर दुर्घटना दावा से संबंधित प्रकरण, निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के अंतर्गत चैक अनादरण प्रकरण, कुटुंब न्यायालय के विभिन्न प्रकार के राजीनामा योग्य प्रकरणों के अतिरिक्त बैंक ऋण वसूली एवं नगरपालिका के जलकर, संपत्तिकर तथा विद्युत अधिनियम के प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का उभय पक्षों की परस्पर सहमति के आधार पर निराकरण किया जाएगा।


