-महिलाओं-बेटियों की ताकत से ही बनेगा सशक्त समाज : कामना सिंह
-नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा कार्यक्रम का हुआ आयोजन
भिण्ड, 14 अप्रैल। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन मेला ग्राउण्ड के पास कम्युनिटी हॉल में किया गया। कार्यक्रम में सांसद संध्या राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, जनपद पंचायत भिण्ड अध्यक्ष सरोज बघेल, कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा, सीईओ जिला पंचायत, एडीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
सांसद संध्या राय ने महिला शक्ति के अधिकारों, सम्मान एवं सशक्तिकरण पर उद्वोधन देते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किए जाने जैसे महत्वपूर्ण कदम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त बनाएंगे। यह पहल महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक प्रयास है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को अपनाने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नारी समाज की आधारशिला है और उसके सशक्त होने से ही परिवार, समाज एवं राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़ने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक योजनाएं लागू की हैं, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना शुरू कर बेटियों को भ्रूण हत्या से बचाकर पढ़ा लिखाकर आगे बढ़ाने का काम किया है, देश की करोड़ों बहनों को शौचालय देकर उनका सम्मान बढ़ाने का काम किया है, करोड़ों बहनों को उज्ज्वला योजना का लाभ देकर धुएं से मुक्ति दिलाने का काम किया है, बहनों की आवास योजना का लाभ देकर स्वयं के घर का मालिकाना हक दिलाया है, जन-धन योजना, स्वसहायता समूह की बहनों को लाभ और एमएसएमई ऋण जैसी योजना शुरू कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। एमएसएमई ऋण योजना का लाभ लेकर हमारी बहनें स्वयं का उद्योग स्थापित कर लाभ कमा रही हैं, इसके साथ ही अन्य बहनों को रोजगार दे रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की शक्ति ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नारी शक्ति को सम्मानित करने का यह पखवाड़ा हमें सशक्तिकरण की दिशा में नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं खेतों से लेकर पंचायत तक हर मोर्चे पर योगदान दे रही हैं। मप्र सरकार की योजनाओं जैसे लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री मातृत्व वंदना जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। लेकिन हमें सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि संकल्प लें कि नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत हम जागरूकता शिविर चलाएंगे, ताकि हर महिला अपनी क्षमता को पहचानें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही, जिन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण के संदेश को आत्मसात किया। संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला वक्ताओं ने अपनी राजनीतिक, आर्थिक, सफलता एवं जीवन यात्रा साझा करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ानी चाहिए, जिससे वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।


