– उपायुक्त सहकारिता और बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में किसानों को दी नई सौगात
– जिले की 18 शाखाओं की 168 समितियों में किसान सदस्यता अभियान प्रारंभ
भिण्ड, 14 अप्रैल। सहकारिता के माध्यम से किसानों को स्वावलंबी बनाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प के साथ जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित भिण्ड के महा-सदस्यता अभियान का भव्य शुभारंभ औद्योगिक क्षेत्र शाखा मालनपुर की संस्था गुरीखा में किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कृषकों ने सहभागिता की। वहीं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक भिण्ड की जिले की 18 शाखाओं की 168 समितियों में किसान सदस्यता अभियान प्रारंभ हो गया है।
मालनपुर की गुरीखा समिति से अभियान का शुभारंभ उपायुक्त सहकारिता भिण्ड अनुभा सूद की विशेष उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम के दौरान किसानों को सहकारिता के महत्व और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर अंकेक्षण अधिकारी सहकारिता जेके शर्मा, जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहुल पवार, प्रबंधक प्रशासन राजवीर शर्मा, योजना एवं विकास प्रबंधक राजेन्द्र चौरसिया, मालनपुर शाखा प्रबंधक दिलीप सिंह राणा, नवनीत श्रीवास्तव और समिति प्रबंधक गुरीखा अशोक सिंह तोमर, जनप्रतिनिधि के रूप में गुड्डू सरपंच गुरीखा सहित बैंक स्टाफ और किसान बंधु उपस्थित रहे।
किसानों को मिलेंगे ये लाभ
अधिकारियों ने किसानों को बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य जिले के 25 हजार नए किसानों को समितियों से जोड़ना है। सदस्य बनने वाले किसानों को सुविधाएं मिलेंगी जिनमें 0 प्रतिशत ब्याज ऋण, खेती के लिए बिना किसी ब्याज के संस्थागत ऋण। बुवाई के समय उच्च गुणवत्ता वाले खाद, बीज और कीटनाशक की सीधी पहुंच। 3 लाख रुपए तक की ऋण सीमा का लाभ।
घर-घर संपर्क और पंजीयन प्रक्रिया
जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहुल पवार ने बताया कि समितियों द्वारा घर-घर संपर्क शुरू कर दिया गया है। मालनपुर क्षेत्र की समितियों को निर्देशित किया गया है कि वे 20 अप्रैल तक सघन जनसंपर्क सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र किसान मात्र 600 रुपए (100 रुपए प्रवेश शुल्क और 500 रुपए अंशपूंजी) जमा कर समिति का स्थायी सदस्य बन सकता है। शुभारंभ के दौरान ही कई किसानों ने मौके पर सदस्यता के लिए उत्साह दिखाते हुए आवेदन प्रक्रिया शुरू की।
यह रहेगी अभियान की रूपरेखा
अभियान को व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए बैंक प्रबंधन ने टाइम-टेबल जारी किया है जिसमें 14 से 20 अप्रैल तक समितियों के मुख्यालय पर अभियान की शुरुआत और गैर-सदस्य किसानों की पहचान हेतु घर-घर संपर्क तथा 21 से 30 अप्रैल तक इच्छुक किसानों द्वारा सदस्यता के लिए आवेदन जमा करना। वहीं एक से 5 मई तक बोर्ड या प्रशासक स्तर पर प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण एवं 6 से 15 मई तक नए सदस्यों को ऋण वितरण की वैधानिक तैयारी एवं प्रक्रिया पूर्ण करना।


