– 12 लाख प्रतिभागियों के बीच अपनी जगह बनाकर जिले का किया गौरव गान; भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हुए शामिल
भिण्ड, 14 अप्रैल। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित माय भारत (मेरा युवा भारत) संगठन के तत्वावधान में आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ में भिण्ड जिले के युवाओं ने सफलता का परचम लहराया है। इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के अंतिम चरण में मौ के अजय कुशवाह और चितौरा के सौरभ चौधरी ने भिण्ड जिले का नेतृत्व करते हुए देश के शीर्ष युवाओं में अपनी जगह बनाई।
कड़े मुकाबले में मिली सफलता फरवरी 2026 में आयोजित इस प्रतियोगिता के दो चरणों (क्विज और निबंध लेखन) में देशभर से लगभग 12 लाख युवाओं ने हिस्सा लिया था। मप्र से करीब 1.5 लाख युवाओं की भागीदारी रही। प्रतियोगिता की कठिन चयन प्रक्रिया के बाद देश भर से केवल 14 हजार प्रतिभागियों को ही अंतिम संवाद सत्र के लिए चुना गया। इसी कड़ी में मप्र के चयनित 500-700 प्रतिभागियों के लिए 12 एवं 13 अप्रैल को भोपाल की यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मॉक पार्लियामेंट और पैनल डिस्कशन में गूंजी युवाओं की आवाज कार्यक्रम के पहले दिन नारी शक्ति वंदन अधिनियम (2023) पर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन हुआ, जहां प्रतिभागियों ने महिला आरक्षण और सशक्तिकरण पर अपने ओजस्वी विचार रखे। दूसरे दिन यूनियन बजट 2026 पर गहन चर्चा हुई। पैनल डिस्कशन के माध्यम से अजय कुशवाह और अन्य युवाओं ने ‘विकसित कृषि’, ‘मानव पूंजीÓ और ‘समावेशी विकास’ जैसे विषयों पर विद्वानों के समक्ष अपने सुझाव रखे और बजट की बारीकियों पर चर्चा की। सरकार की नीति निर्माण में युवाओं का दखल सत्र के दौरान केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री माननीय मनसुख मांडविया ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश वाचन किया। कार्यक्रम में मप्र के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी उपस्थित रहे।
मौ के अजय कुशवाह ने बताया कि माय भारत मंच युवाओं को राष्ट्र की नीति निर्माण प्रक्रिया से सीधे जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों भारत मंडपम में हुए यंग लीडर्स डायलॉग के सुझावों को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में शामिल किया है, जो यह दर्शाता है कि आज का युवा केवल दर्शक नहीं बल्कि विकसित भारत का शिल्पकार बन रहा है। इस उपलब्धि पर जिले के गणमान्य नागरिकों और मित्रों ने अजय और सौरभ को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।


