– लहार नपा ने सात दिन पहले दिया था नोटिस
भिण्ड, 12 अप्रैल। पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के लालसिंह पैलेस मैरिज गार्डन को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार थम गया है। नगर पालिका लहार के कड़े तेवर और अतिक्रमण हटाने के नोटिस की समय सीमा खत्म होने से ठीक पहले डॉ. सिंह के परिजनों ने विवादित बाउण्ड्रीवॉल को खुद ही तोड़ना शुरू कर दिया।
नगर पालिका लहार ने गार्डन की बाउण्ड्रीवॉल को सरकारी रास्ते में बताते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष के भाई रामेन्द्र सिंह और भतीजे अमित प्रताप सिंह को नोटिस थमाया था। इस नोटिस की मियाद आज रविवार को खत्म हो रही थी। प्रशासन ने दीवार ढहाने के लिए राजस्व और पुलिस टीम के साथ पूरी तैयारी कर ली थी। बुल्डोजर चलने से पहले ही शनिवार को डॉ. सिंह के परिजनों ने मुख्य दीवार के पीछे नई बाउंड्रीवॉल का निर्माण शुरू कर दिया और रविवार दोपहर तक पुरानी दीवार का आधा हिस्सा खुद ही तोड़ दिया।
8 महीने पहले शुरू हुई थी नापतोल
यह विवाद आठ माह पहले शुरू हुआ था, जब नगर पालिका सीएमओ रमाशंकर शर्मा ने राजस्व विभाग को पत्र लिखकर पैलेस की जमीन की जांच की मांग की थी। राजस्व विभाग की पैमाइश में पुष्टि हुई थी कि मैरिज गार्डन की बाउंड्रीवॉल सरकारी जमीन पर बनी है। इसके बाद से ही नगर पालिका दीवार हटाने को लेकर लगातार दबाव बना रही थी।

