– गर्भवती महिलाओं व किशोरों का हुआ एचबी टेस्ट, रिपोर्ट के आधार पर दवाओं का वितरण
भिण्ड, 11 अप्रैल। पोषण पखवाड़े के तहत गोहद परियोजना में सक्रियता बढ़ गई है। गोहद-2 सेक्टर के वार्ड क्र.12 में शनिवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में गर्भवती और धात्री महिलाओं की बारीकी से जांच की गई। हीमोग्लोबिन (एचबी) टेस्ट, वजन मापा गया। किशोरी बालिकाओं व बालकों का भी एचबी चेकअप किया गया। रिपोर्ट के आधार पर दवाओं का वितरण हुआ। साथ ही बच्चों का टीकाकरण अभियान चलाया गया। शिविर में दर्जनों महिलाएं व बच्चे लाभान्वित हुए।
दादी-नानी की कहानियां
गोहद के ही वार्ड 9/3 में कार्यकर्ता हेमलता शर्मा ने आंगनबाड़ी केंद्र पर दादी नानी की जुबानी थीम से बच्चों को रोचक कहानियां सुनवाईं। पोषण जागरूकता के साथ नैतिक मूल्यों पर जोर दिया। बच्चे मंत्रमुग्ध होकर कहानियां सुनते नजर आए। इससे पखवाड़े का संदेश घर-घर पहुंचा।
ग्रामीण में भी हुए आयोजन
परियोजना भिण्ड ग्रामीण के सेक्टर बरही में पोषण पखवाड़ा का विशेष आयोजन हुआ। ग्रामीणों को पोषण संबंधी जानकारी दी गई। वहीं ऊमरी भिण्ड ग्रामीण में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण पर फोकस रहा। एचबी टेस्ट, वजन जांच के अलावा सलाह दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व स्वास्थ्य कर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किया।


