📝राधाकृष्ण यादव 📞9039037110
भिण्ड, 11 अप्रैल। नगर परिषद मौ के उपाध्यक्ष पंकज कुशवाह के प्रतिष्ठान पर समाज सुधारक और आधुनिक शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती डॉ. अंगद सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में भव्य रूप से मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें उनके द्वारा बताए गए समानता और शिक्षा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। महात्मा ज्योतिवराव फुले के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई है।
नगर के मुख्य सड़क मार्ग पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में समाजसेवियों और स्थानीय नेताओं ने महात्मा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष को याद करते हुए कहा कि महात्मा फुले ने उस दौर में समाज के वंचित वर्गों और महिलाओं की शिक्षा के लिए जो अलख जगाई थी, उसका लाभ आज पूरा देश ले रहा है।
दोपहर में नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें शामिल युवा महात्मा फुले के जयघोष लगा रहे थे। झांकियों के माध्यम से उनके जीवन के प्रेरक प्रसंगों को दर्शाया गया, जिसने नगरवासियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान से जीने का अधिकार दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर कुछ संगठनों द्वारा जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य सामग्री और फल वितरित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, युवा और महिलाएं उपस्थित रहे। पूरे नगर में दिन भर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाहा, डॉ. जयसिंह कुशवाह, गयासिंह कुशवाह, विमल कुशवाह, रामप्रकाश कुशवाह, उपाध्यक्ष पंकज कुशवाह, जिला आइटी प्रभारी भाजपा रामू कुशवाह, मण्डल अध्यक्ष रामख्तियार गुर्जर, उदयवीर कुशवाह, अमित कुशवाह, सुल्तान मौर्य, पार्षद श्रीकृष्ण कुशवाह, हरिओम कुशवाह, बैनीराम कुशवाह सरपंच, महेन्द्र सिंह परिहार आदि शामिल हुए।


