भीमनगर में दिनदहाड़े मारी थी गोली, महिला ग्वालियर में इलाजरत
भिण्ड, 11 अप्रैल। शहर के भीमनगर में महिला पर दिनदहाड़े गोली चलाने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पैसों के लेन-देन के विवाद में वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके पास से देशी कट्टा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की है।
कोतवाली थाना प्रभारी बृजेन्द्र सिंह सेंगर के मुताबिक 9 अप्रैल को नीलम जाटव निवासी भीमनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मजनू ओझा ने पैसे के विवाद में पहले गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। घायल महिला को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है। मामले में सिटी कोतवाली में अपराध क्र.161/26 दर्ज कर धारा 109(1), 296(बी) सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत केस कायम किया गया। एसपी डॉ. असित यादव के निर्देशन में एएसपी संजीव पाठक व सीएसपी के मार्गदर्शन में टीम बनाई गई। शुक्रवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में पुराने रेलवे स्टेशन के पास छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और स्प्लेंडर प्लस मोटर साइकिल जब्त की है।


