– जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था भगवंती बाई शिक्षा प्रसार समिति की अभिनव पहल
भिण्ड, 09 अप्रैल। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल परिसर क्षय रोग कार्यालय पर फूड बास्केट वितरण की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान कर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना एवं समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जेएस यादव मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मप्र जन अभियान परिषद भिण्ड के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. डीके शर्मा, साथ ही वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवेश शर्मा भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा 51 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित की गई, जिसमें पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी। मुख्य अतिथि सीएचएमओ डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूर्णत: उपचार योग्य बीमारी है, और इसके उन्मूलन के लिए समाज की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मरीजों को नियमित दवा सेवन एवं संतुलित आहार लेने की सलाह दी। जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने मप्र जन अभियान परिषद की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. डीके शर्मा ने टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी देते हुए मरीजों को जागरूक किया। उन्होंने टीबी रोग से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव शशिकांत शर्मा द्वारा किया गया, संस्था अध्यक्ष गणेशदत्त शर्मा ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन में भगवंती बाई शिक्षा प्रसार समिति द्वारा फूड बास्केट उपलब्ध कराई गई, जबकि मप्र जन अभियान परिषद जिला भिण्ड द्वारा समन्वय किया गया। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति नुन्हाटा एवं बबेड़ी सहित मेंटर सरिता चौहान तथा समाजसेवी मुस्कान, आरती एवं संजय का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में टीबी मरीज एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। यह पहल टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।


