– शहर कोतवाली पुलिस ने 21 बाइक सवारों के चालान काटे
भिण्ड, 07 अप्रैल। शहर कोतवाली थाना पुलिस द्वारा मंगलवार को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए कई बाइक सवार चालान से बचने के लिए विधायक और मंत्रियों का हवाला देते नजर आए। इसके बावजूद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए 21 वाहनों के चालान काटे, जिनमें अधिकांश बिना हेलमेट बाइक चलने वाले थे।
करीब तीन घण्टे तक चले इस अभियान में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों पर बिना हेलमेट, बिना दस्तावेज और अन्य नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान जैसे ही वाहन चालक चेकिंग में फंसे, कई लोगों ने जनप्रतिनिधियों के नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की। कुछ ने मौके पर ही फोन लगाकर नेताओं से बात कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। पुलिस टीम ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और किसी भी सिफारिश के आधार पर कार्रवाई में ढील नहीं दी जाएगी। पुलिस ने संदेश दिया कि बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

