– केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने हितग्राही सम्मेलन में पेश किया विकास और जनकल्याण का संगम
– अशोकनगर को दिया 3 करोड़ अधिक की सौगातों का उपहार
अशोकनगर, 05 अप्रैल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर विधानसभा के जनपद मैदान में आयोजित विशाल हितग्राही सम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने हितग्राहियों से संवाद करते हुए उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा और ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन जनविश्वास और सहभागिता का प्रतीक बन गया। इस दौरान उन्होंने 3 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि वर्ष 2025 में जनपद पंचायत अशोकनगर अंतर्गत 7317 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 4,139 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष आवास निर्माणाधीन हैं। साथ ही मार्च 2026 में 5534 नए आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 1733 हितग्राहियों को प्रथम किस्त जारी कर दी गई है। इस अवसर पर दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 8 स्व-सहायता समूहों को 27 लाख की सीसीएल राशि वितरित की गई, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की नई दिशा मिलेगी।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण और जनसेवा की प्रतिबद्धता
कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि अशोकनगर जिले में 1456 दिव्यांगजनों को 5172 सहायक उपकरण प्रदान किए जा चुके हैं। पूरे संसदीय क्षेत्र में यह संख्या 8640 लाभार्थियों तक पहुंच चुकी है, जिन्हें लगभग 7 करोड़ मूल्य के उपकरण वितरित किए गए हैं। यह पहल केवल सहायता नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्वास्थ्य सेवा में शिवपुरी ने रचा इतिहास
श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उल्लेख करते हुए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि इस अभियान में 2.82 लाख से अधिक ओपीडी परामर्श और 3600 से अधिक नि:शुल्क सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं। आधुनिक तकनीक, विशेषकर रोबोटिक सर्जरी के उपयोग के साथ यह शिविर एक ऐतिहासिक उपलब्धि बना और इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज हुआ। यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित करती है।
अशोकनगर को मिली विकास कार्यों की नई गति
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि इस अवसर पर लगभग 70 लाख की लागत से 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 2 करोड़ 55 लाख की लागत से 15 कार्यों का लोकार्पण किया गया। ये कार्य क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समग्र विकास और आत्मनिर्भरता का संकल्प
अंत में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया और अशोकनगर को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने का संकल्प दोहराया।


