– कई पेड़ हुए धराशाई, पकी हुई फसलें खेतों में बिछीं
भिण्ड, 04 अप्रैल। जिले में शनिवार को दोपहर बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है और देखते ही देखते जिले के कई गांवों में आंधी पानी के साथ ओले गिरने लगे है। जिले के कुछ गांवों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे हैं। तो कहीं-कहीं केवल बारिश और बूंदा-बांदी हुई है। आंधी के रौन, मिहोना, मछण्ड सहित कारण कई जगह हरे भरे पेड़ धराशायी हो गए है। बारिश, ओलावृष्टि और आंधी के कारण गेहूं की पकी हुई फसलें खेतों में बिछ गई है।
बताया गया है कि लहार क्षेत्र के कई गांवों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे हैं, तो वहीं मिहोना क्षेत्र के अनेक गांवों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है। रौन-मछण्ड में तेज आंधी के साथ बारिश और ओला वृष्टि हुई है। मछण्ड में आंधी इतनी तेज गति से आई कि बस स्टेण्ड के पास एक मकान के नजदीक लगा बीएसएनएल कंपनी का मोबाइल टावर टूट गया है। लेकिन गनीमत यह रही कोई हताहत नहीं हुआ है। अमायन सहित ग्रामीण क्षेत्र के कई गांवों में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। अमायन क्षेत्र में गेहूं की ससल को काफी नुकसान होना बताया गया है। आलमपुर क्षेत्र के कई गांवों में बारिश हुई है। आलमपुर में शाम सात बजे खबर लिखे जाने तक बूंदा बांदी का दौर जारी था। आलमपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप है। आलमपुर की बिजली कब तक चालू हो पायेगी इसका कोई भरोसा नहीं है। फसलों को कहां कितना नुकसान हुआ है। फिलहाल इसका अभी कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। लेकिन भिण्ड जिले में बारिश और ओला वृष्टि से गेहूं सहित अन्य कई फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है।
ज्ञात हो कि इस समय किसानों की गेहूं सहित अन्य कई फसलें पकी हुई अवस्था में कटने के लिए खेतों में खड़ी हुई है और कई किसानों की गेहूं सहित अन्य कई फसलें कटी हुई कतरने के लिए खेतों में रखी है। लेकिन हर दिन मौसम का मिजाज बदल रहा है। जिसका प्रभाव शनिवार दोपहर में एक बार फिर भिण्ड जिले में देखने को मिला है। आंधी पानी और ओला वृष्टि ने अनेक किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
वहीं अमायन सहित आसपास के कई गांवों में तेज बारिश हुई है और बेर के आकार के ओले गिरे हैं। अमायन के लोगों ने बताया कि आंधी पानी और ओलावृष्टि से यहां के किसानों की गेहूं की फसलें खेतों में बिछ गई है। किसान बुरी तरह से बर्बाद हो गया है।
गोहद क्षेत्र में ओलावृष्टि और तेज हवा से गेहूं की फसल चौपट
गोहद विधानसभा क्षेत्र में अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मालनपुर, एण्डोरी एवं गोहद सर्किल के कई गांवों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की सूचना है। शनिवार देर शाम शुरू हुई बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। किसानों के अनुसार फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन ओले गिरने और तेज हवा के कारण गेहूं की बालियां जमीन पर गिर गईं, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। कई खेतों में फसल पूरी तरह बिछ गई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि मौसम के इस अचानक बदलाव से न सिर्फ गेहूं, बल्कि अन्य रबी फसलें भी प्रभावित हुई हैं। क्षेत्र में कुछ जगहों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें सामने आई हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कराया जाए और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। वहीं स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने एक बार फिर किसानों के सामने संकट खड़ा कर दिया है, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।


