-ग्रामीणों से चर्चा कर स्वावलंबी गौशाला, कामधेनु योजना, गौकाष्ठ तथा बागवानी के प्रोत्साहन पर दिया जोर
भिण्ड, 02 अप्रैल। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने ग्राम पंचायत सगरा पहुंचकर शासकीय गौशाला सगरा का निरीक्षण कर गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पशु कल्याण को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही गौशाला की क्षमता, गायों की सं या और चारे की उपलब्धता की जानकारी ली।
गौशाला संचालकों ने बताया कि 250 गायों की क्षमता वाली गौशाला में फिलहाल 200 गायें हैं, जिनमें 15 दुधारू हैं। चारा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर संतोष जताते हुए बेहतर प्रबंधन के सुझाव दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से चर्चा कर स्वावलंबी गौशाला, कामधेनु योजना, गोबर खाद एवं गौकाष्ठ बनाने तथा बागवानी करने पर जोर दिया। इसके पश्चात ग्राम सगरा में आयुष्मान आरोग्य मन्दिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय लोगों से चर्चा कर केन्द्र संचालन की स्थिति, स्टाफ उपस्थिति और गांव की आंगनबाड़ी संचालन की स्थिति के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सगरा में बने तालाब का भी दौरा किया। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण के लिए तालाब के गहरीकरण के निर्देश दिए। भू जल स्तर रिचार्ज और वर्षा जल संचयन को प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही खराब हैण्डपंप की सुधार हेतु कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया।


