– सपनों को पंख लगाने का माध्यम है स्कूल : कामना सिंह
– छात्र-छात्राओं का हुआ आत्मीय स्वागत, साइकिल व पुस्तकें वितरित
भिण्ड, 01 अप्रैल। स्कूल चलें हम अभियान के तहत जिलेभर में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित सांदीपनि शा. उमावि क्र.2 भिण्ड में विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया के विशिष्ट आतिथ्य में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं साइकिल वितरण कर शिक्षा के नए सत्र की शुभ शुरुआत कराई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल से राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव के शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी देखा एवं सुना गया। इस दौरान कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा, सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल भिण्ड जिले तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे मप्र में धूमधाम से चलाया जा रहा है। शिक्षा राष्ट्र की आधारशिला है, बच्चे स्कूल पहुंचेंगे, तभी देश सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा। इसी उद्देश्य से सरकार ने यह पहल शुरू की है। विधायक ने कहा हमारी सरकार ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। नई शिक्षा नीति से बच्चों को आधुनिक, रोजगारोन्मुखी और उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ है। कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए मध्यान्ह भोजन, नि:शुल्क साइकिल वितरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने उपस्थित छात्रों व अभिभावकों से अपील की कि शिक्षा ही युवाओं का सबसे बड़ा हथियार है। शिक्षित युवा ही देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र उनके लिए नई कहानी लिखने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने विशेष रूप से छात्रों को प्रोत्साहित किया कि स्कूल सपनों को पंख लगाने का माध्यम है। उन्होंने जोर देकर कहा स्कूल केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि ओवर ऑल डेवलपमेंट और पर्सनैलिटी ग्रूमिंग का महत्वपूर्ण केन्द्र है। उन्होंने नर्सरी से 12वीं तक के सफर को याद दिलाते हुए बताया कि ये वर्ष जीवन के मूल्यवान पल होते हैं। इस दौरान बने दोस्त-मित्र ही जीवन की दिशा दिखाते हैं। वे सिखाते हैं कि सपने कैसे पूरे किए जाएं और जीवन कैसे जिया जाए। इसलिए आप सब भी एक-दूसरे के लिए शिक्षक और गुरु हैं। आपसी सहयोग से ही सफलता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा छात्रों को साइकिल, पुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।


