– अग्नि सुरक्षा मेले में जनसंवाद हुआ कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने ली जानकारी
– विषय विशेषज्ञों ने अग्नि सुरक्षा के संबंध में दी महत्वपूर्ण जानकारी
ग्वालियर, 30 मार्च। छोटी-छोटी सावधानियों से अग्नि दुर्घटना से बचा जा सकता है। इसके लिए हम सबको अपने-अपने घरों, दुकानों और संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाकर उसको संचालित करने की प्रक्रिया समझना जरूरी है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को अग्नि सुरक्षा मेले में जन संवाद कार्यक्रम में नागरिकों से चर्चा करते हुए यह बात कही।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के माध्यम से नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय अग्नि सुरक्षा मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन अग्नि सुरक्षा मेले में किया गया। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त प्रतीक राव, कार्यपालन अधिकारी एकेवीएम अनीशा श्रीवास्तव, एसडीएम अतुल सिंह सहित ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के महेश मुदगल, रामबाबू कटारे, पार्षद बृजेश श्रीवास सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि ग्वालियर जिले में अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षा करने के लिए नागरिकों को जागरुक करने के लिए अग्नि सुरक्षा मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने घरों, दुकानों व संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संयंत्रों को स्थापित करें। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा के संबंध में किए जाने वाले उपायों के बारे में भी जानें। उन्होंने बताया कि अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षा करने के लिए प्रशासन द्वारा वॉलेंटियरों का प्रशिक्षण भी कराकर फायर सेफ्टी सेना के रूप में तैयारी की जा रही है। ग्वालियर जिले में वर्तमान में 350 सेल्फ डिफेंस वॉलेंटियर तैयार किए जा चुके हैं। इस कार्य को निरंतर जारी रखा गया है।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि अग्नि दुर्घटना के समय नगर निगम के फायर अमले द्वारा तत्परता से कार्रवाई कर अग्नि सुरक्षा के उपाय किए जाते हैं। केवल शासन-प्रशासन के भरोसे ही अग्नि सुरक्षा संभव नहीं है। समाज के सभी वर्गों को भी अग्नि सुरक्षा के लिए जागरूक होकर अपने स्तर पर प्रयास करना जरूरी है। कलेक्टर रुचिका चौहान के नेतृत्व में ग्वालियर जिले में अग्नि सुरक्षा के प्रति जन जागरण करने का एक सार्थक प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में तीन दिवसीय मेला आयोजित कर नागरिकों को अग्नि सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिले में अधिक से अधिक लोगों को अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण दिलाने का कार्य भी किया जा रहा है। आने वाले दिनों में जिले में स्कूल और कॉलेजों में भी छात्र-छात्राओं को अग्नि सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देने का कार्य किया जाएगा।
संवाद कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, फायर आफीसर उमंग प्रधान ने भी अग्नि सुरक्षा के संबंध में नगर निगम के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महेश मुदगल, रामबाबू कटारे, बृजेश श्रीवास सहित अनेक नागरिकों ने अग्नि सुरक्षा के संबंध में जानकारी देने के साथ-साथ प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।


