– एक अप्रैल से प्रारंभ होगा नवीन शिक्षण सत्र
ग्वालियर, 30 मार्च। एक अप्रैल से नवीन शिक्षण सत्र प्रारंभ हो रहा है, नवीन शिक्षण सत्र में बिना पाठ्य पुस्तक एवं नोट बुक के आने वाले छात्रों को विघालय में आने से नहीं रोका जाएगा। इसके साथ ही छात्र को अपना अध्ययन कार्य करने दिया जाएगा। कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेश पर यह निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी ने जारी किए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी ने सभी शासकीय एवं अशासकीय विघालयों को निर्देश दिए हैं कि एक अप्रैल से नवीन शिक्षण सत्र प्रारंभ हो रहा है, ऐसे में कई छात्रों के अभिभावकों पाठय पुस्तक एवं नोटबुक आदि क्रय नहीं कर पाए हैं। जिन छात्रों के पास पाठयक्रम की पुस्तकें नहीं है और वह विद्यालय में पढ़ाई के लिए आते हैं तो स्कूल संचालक उन्हें आने से नहीं रोकेंगे। साथ ही उन्हें अध्ययन भी करने दिया जाएगा। इसके साथ ही जो विद्यालय स्वयं का पाठ्यक्रम एवं नोटबुक चलाते हैं तो उनका दायित्व है कि जो छात्र पाठ्य पुस्तक एवं नोटबुक नहीं ले पाएं हैं, उन्हें पुस्तकें एवं स्टेशनरी उपलब्ध कराने में अनिवार्य रूप से सहयोग करें। साथ ही पुस्तक मेले में अपने विद्यालय के निर्धारित पुस्तक विक्रेताओं के माध्यम से विघार्थियों को आवश्यक रूप से शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराएं। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले प्राचार्यों एवं संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।

