– न्यायाधीश और एसडीओपी ने चलाई साइकिल, राष्ट्रीय एकता के नारे लगाए
भिण्ड, 28 मार्च.मनीष दुबे। पुलिस मुख्यालय भोपाल मप्र के तत्वावधान में सरदार बल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में दो साल तक निरंतर कार्यक्रम आयोजित करने के क्रम में शनिवार को सुबह 8 बजे एक वृहद साइकिल मैराथन (साइक्लोथॉन) का आयोजन जिला पुलिस बल भिण्ड एवं जिला भिण्ड के समस्त थाना स्तर द्वारा डीआईजी/ एसपी डॉ. असित यादव एवं एएसपी संजीव कुमार पाठक के निर्देशन में किया गया।
साइक्लोथॉन रैली लहार रोड पुलिस लाइन भिण्ड से प्रारंभ होकर इन्दिरा गांधी चौराहा इटावा रोड पर सिटी कोतवाली परिसर में समाप्त हुई, रैली की शुरुआत में पुलिस लाइन पर कुटुम्ब न्यायालय भिण्ड न्यायाधीश दिलीप गुप्ता एवं रैली के प्रभारी अधिकारी/एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। रैली में शामिल साइकिल सवारों द्वारा झण्डे, बैनर एवं राष्ट्रीय एकता के नारों, सरदार पटेल अमर रहें के साथ पुलिस लाईन लहार चुंगी से विभिन्न रास्तो से होते हुए लगभग 6 किमी का सफर तय कर इंदिरा गांधी चौराहा इटावा रोड कोतवाली परिसर में रैली का समापन हुआ। रैली के समापन स्थल पर न्यायाधीश दिलीप गुप्ता एवं एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले ने राष्ट्रीय एकता के संदर्भ में सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रयासों एवं उनके किरदार पर अपने वक्तव्यों में प्रकाश डाला। आभार प्रदर्शन पुलिस लाइन प्रभारी सूबेदार आदित्य मिश्रा ने किया।
रैली में कोतवाली थाना निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह सेंगर मय स्टाफ, देहात प्रभारी निरीक्षक मुकेश शाक्य, यातायात प्रभारी निरीक्षक राघवेन्द्र भार्गव मय बल वाहन, सुबेदार अदित्य मिश्रा, प्रधान आरक्षक रामकुमार पाण्डेय, रविशेखर कटारे, 17वीं वाहिनी के सहायक सेनानी संजय पोतदार, निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक मेवालाल दौहरे, पुलिस लाइन अस्पताल स्टाफ मय एम्बुलेंस, महिला एवं अजाक थाना स्टाफ तथा अन्य सामाज सेवी संगठनों से जिला कैप्टन कृपाशंकर शर्मा, डॉ. धीरज सिंह गुर्जर, वरिष्ठ खिलाड़ी एवं कोच राधेगोपाल यादव, बृजबाला यादव, रामबाबू कुशवाहा, संजय पंकज, साधना तोमर एवं मित्र परिषद के मोटीवेटर गगन शर्मा, नगर एवं ग्राम रक्षा समिति युवा, छात्र, मीडिया बंधु एवं भिण्ड के अन्य गणमान्य नागरिक सहित लगभग 350 साइकिल सवार शामिल रहे।


