– संभावित माता-पिता के साथ नाना और मामा संरक्षक के तौर पर रहे मौजूद
भिण्ड, 24 मार्च। सेवा भारती मातृछाया शिशु गृह भिण्ड में निवासरत बालिका पूर्णिमा के प्री-अडॉप्शन दत्तक ग्रहण की कार्रवाई जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास में की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अंजू तोमर ने बताया कि बालिका को पुणे महाराष्ट्र निवासी दंपति द्वारा कारा की गाइड लाइन अनुसार रिजर्व किया गया था। बालिका को रिजर्व करने के पश्चात संबंधित दंपति को समस्त मूल दस्तावेज एवं उनकी सामाजिक अन्वेषण रिपोर्ट के साथ भिण्ड बुलाया गया, जहां उनके दस्तावेजों, सामाजिक पृष्ठभूमि का परीक्षण किया गया। परीक्षण में उपयुक्त पाए जाने पर दत्तक ग्रहण समिति की बैठक में भावी दत्तक माता-पिता को दत्तक ग्रहण हेतु उपयुक्त पाया जाकर बालिका के प्री-एडॉप्शन दत्तक ग्रहण की कार्रवाई की गई। बालिका के संभावित माता आईटी कंपनी सीनियर इंजीनियर एवं पिता का डिजिटल बुक पब्लिश का बिजनेस है, आर्थिक रूप से संपन्न परिवार पाया गया।
बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना ने बताया कि संभावित माता-पिता ने 2022 में कारा पर पंजीयन कराया था, जब 4 वर्ष बाद उनका वेटिंग क्लियर हुई और बच्ची उनके हाथों में दी गई तो उनके माता-पिता के आंखों में आंसू और खुशी को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। संभावित माता-पिता के साथ बालिका के संभावित नाना और मामा भी संरक्षक के तौर पर उपस्थित रहे। सभी लोग परिवार में नए सदस्य के आगमन को लेकर उत्साहित दिखे। उन्होंने स्पष्ट किया गया कि माह अक्टूबर 2025 में लावारिस अवस्था में मिली बालिका को तत्काल संरक्षण हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, वहां पर चिकित्सकों की देखरेख में बालिका का उपचार हुआ स्वस्थ होने पर शरद पूर्णिमा के दिन बालिका को चिकित्सालय से डिस्चार्ज किया गया और संयोगवश शरद पूर्णिमा होने के चलते बाल कल्याण समिति द्वारा बालिका का पूर्णिमा नाम दिया गया। इसके पश्चात बालिका पूर्णिमा सेवा भारती मातृछाया शिशुग्रह में निवासरत रही।
उन्होंने बताया कि कारा के दत्तक ग्रहण के मार्गदर्शी सिद्धांत के अनुसार बालिका का व्यापक प्रसार वाले समाचार पत्र में विज्ञापन जारी कराया गया और एक माह के अंदर बालिका पर दावा करने के लिए आपत्ति को आमंत्रित किया गया। बालिका पर किसी भी प्रकार का दावा प्राप्त न होने पर बाल कल्याण समिति द्वारा किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत बालिका को लीगल फ्री किया गया। लीगल फ्री करने के पश्चात संभावित माता-पिता द्वारा बालिका को रिजर्व किया और प्री-एडॉप्शन दत्तक ग्रहण की कार्रवाई संपन्न हुई। कार्रवाई के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अंजू तोमर, बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना, सेवा भारती सचिव संतोष कुमार गुप्ता, चिकित्सक डॉ. शैलेन्द्र परिहार संबंधित दत्तक माता-पिता और उनके परिजन उपस्थित रहे।


