– महिला सशक्तिकरण की बनीं मिसाल
भिण्ड, 23 मार्च। जिला पंचायत भिण्ड की अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया के अभिनव एवं दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित नव दिवसीय नव संकल्प अभियान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस अनूठे अभियान के पांचवे दिन एक दिन की जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में कुमारी रावी कुशवाहा पुत्री पूरना राकेश कुशवाहा निवासी ग्राम अड़ोखर ने दायित्व संभाला।
जिला पंचायत कार्यालय में पदभार ग्रहण करने पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत वंदना ने रावी का आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत वंदना एवं जिला परियोजना अधिकारी नितिन दुबे ने उन्हें जिला पंचायत के विभिन्न कार्यों, योजनाओं एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। अपने दायित्व के दौरान रावी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर सीडीपीओ परशुराम शर्मा ने विभाग की योजनाओं, पोषण कार्यक्रमों एवं आंगनवाड़ी सेवाओं के संचालन की जानकारी प्रस्तुत की। रावी ने विशेष रूप से पोषण आहार के समय पर वितरण एवं बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके पश्चात रावी ने आंगनवाड़ी केन्द्र का भ्रमण किया, जहां उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित किया और केन्द्र पर संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु आंगनवाड़ी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर मप्र के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने वीडियो कॉल के माध्यम से रावी से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रयोग नहीं, बल्कि समाज में बेटियों के नेतृत्व को स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त पहल है। जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया का यह नव संकल्प न केवल भिण्ड जिले बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है, जहां बेटियां न केवल सपने देख रही हैं बल्कि नेतृत्व करते हुए उन्हें साकार भी कर रही हैं। नव दिवसीय नव संकल्प अभियान आज महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और सामाजिक परिवर्तन का एक जीवंत उदाहरण बन चुका है, जो आने वाले समय में नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा।


