– श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
भिण्ड, 22 मार्च। शहर की ऐतिहासिक धरोहर और प्रमुख जल स्त्रोत गौरी सरोवर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए रविवार को भिण्ड पटवारी संगठन द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन के प्रयासों को बल देते हुए पटवारियों ने सरोवर के तट पर एकत्रित होकर श्रमदान किया और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अभियान की शुरुआत सुबह पटवारी संगठन के जिलाध्यक्ष विनायक तोमर के नेतृत्व में हुई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हाथों में झाडू और तसले लेकर सरोवर किनारे फैली गंदगी, पॉलीथिन और कचरे को साफ किया। पटवारियों के इस जज्बे को देखकर वहां मौजूद आम नागरिकों ने भी उनकी सराहना की।
साझा प्रयास से ही बदलेगी सूरत
स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाध्यक्ष विनायक तोमर ने कहा कि गौरी सरोवर हमारे शहर की पहचान है। इसे स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पटवारी संगठन समय-समय पर ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहेगा। अभियान में सौरभ भदौरिया (सचिव), रजनीश प्रभाकर, जिवेश, अजय जैन, राहुल, अवधेश सहित बड़ी संख्या में जिले के अन्य पटवारी उपस्थित रहे।


