– सिविल सर्जन को सफाई व्यवस्था बढ़ाने और वार्डों का नियमित निरीक्षण करने को कहा
– उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने की इस पहल की सराहना
भिण्ड, 22 मार्च। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने नव दिवसीय नवसंकल्प अभियान के अंतर्गत भिण्ड जिला पंचायत में चल रही अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि समाज के हर वर्ग की बेटियों को नेतृत्व का अवसर देकर एक नए भारत की नींव रख रहा है। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से चौथे दिन की अध्यक्ष बनीं कुमारी रागिनी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अभिनव पहल की अगुवाई कर रहीं कामना सिंह भदौरिया ने नवरात्रि के पावन अवसर पर बेटियों को एक दिन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का दायित्व सौंपकर समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया है। इस क्रम में चौथे दिन रागिनी पुत्री बेबी दिलीप बाल्मीक निवासी सुभाष नगर भिण्ड को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। रागिनी एक साधारण परिवार से आती हैं, उनके पिता नगर पालिका में सफाई कर्मचारी हैं। बाल्मीक समुदाय से आने वाली रागिनी का जिला पंचायत अध्यक्ष बनना सामाजिक समरसता और अवसरों की समानता का प्रेरणादायक उदाहरण है।

उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. आरके राजौरिया से चर्चा की और वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर दवाइयों, भोजन और सुविधाओं की जानकारी ली। कई मरीजों ने वार्डों में गंदगी और सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत की। मरीजों की शिकायतों के बाद रागिनी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, सुबह-शाम वार्डों का निरीक्षण किया जाए, मरीजों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं देना आप सभी की जिम्मेदारी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया द्वारा संचालित यह नवाचार न केवल भिण्ड, बल्कि पूरे प्रदेश और देश में एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रहा है।


