– हितग्राहियों को उमूदु पर पीओएस मशीन में दो बार अपना अगूंठा लगाकर करना होगा बॉयोमेट्रिक सत्यापन
भिण्ड, 21 मार्च। जिला आपूर्ति अधिकारी भिण्ड सुनील कुमार बोहित ने बताया कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल द्वारा वर्तमान में एनएफएसए अंतर्गत समस्त पात्र परिवारों को शासन द्वारा मार्च एवं अप्रैल माह की राशन सामग्री एक साथ वितरित कराई जा रही है। इसके लिए हितग्राही उचित मूल्य दुकानों पर लगायी गयी पीओएस मशीन से एक बार मार्च माह के लिए तथा दूसरी बार अप्रैल माह के लिए इस प्रकार कुल दो बार पीओएस मशीन पर अपना अगूंठा/ फिंगर लगाकर बॉयोमेट्रिक सत्यापन करना होगा। दो बार अगूठा/ फिंगर लगाने के बाद उचित मूल्य दुकान के विक्रेता द्वारा हितग्राही को दोनों माहों की राशन सामग्री एक साथ दी जाएगी।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने एनएफएसए अतंर्गत समस्त पात्र परिवारों से कहा है कि उचित मूल्य दुकान से दो बार बॉयोमेट्रिक सत्यापन करके अपनी मार्च एवं अप्रैल दोनों माहों की पात्रतानुसार राशन सामग्री एवं पीओएस मशीन से निकाली गई दो माहों की राशन प्रदायगी की पावती भी अनिवार्य रूप से प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर हितग्राही संबंधित अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय की खाद्य शाखा से सम्पर्क करें। यदि जिले की किसी भी दुकान पर एकमुश्त मार्च एवं अप्रैल दोनों माह की पात्रतानुसार राशन सामग्री संबंधित दुकान के विक्रेता द्वारा प्रदाय नहीं की जाती है। तो उसकी लिखित शिकायत संबंधित अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय की खाद्य शाखा एवं सीएम हेल्पलाईन नं.181 पर तत्काल दर्ज कराएं।

