– कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेण्डर की अर्थी सजाकर किया दाह संस्कार
– गैस सिलेण्डर की कीमत वापिस लेने और कमी को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
भिण्ड, 19 मार्च। भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा निरंतर बढ़ाई जा रही महंगाई एवं गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों व किल्लत (कमी) के विरोध में ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में गुरुवार को रपट चौराहा अकोड़ा से नगर पालिका परिषद अकोड़ा तक रैली निकाली गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर की अर्थी सजाकर गैस सिलेण्डर की शवयात्रा निकाली गई और प्रतीकात्मक रूप से अर्थी बने पुतले का दहन कर गंदे नाले में डालकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुतले को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक छीना झपटी हुई। कांग्रेस ने गैस सिलेण्डर की बढ़ी हुई कीमत को वापिस लेने और किल्लत को दूर करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम तहसीलदार रामजीलाल शर्मा को ज्ञापन पत्र सौंपा।
मोदी जी का कहना है घर-घर गटर, घर-घर गैस
इस अवसर पर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि गैस सिलेण्डर की चिंता छोड़ दीजिए, क्योंकि भाजपा सरकार के प्रधान मुखिया नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली सरकार के दावों के मुताबिक जल्द ही गटर से गैस निकालकर रसोई जलाने का सपना पूरा किया जाएगा, क्योंकि मोदी जी का कहना है घर-घर गटर, घर-घर गैस जल्द ही उपलब्ध कराई जाने की व्यवस्था की जा रही है। कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री की नाले की गैस से चाय वाली बात को आजमाने की कोशिश की, लेकिन नाले से गैस तो दूर की बात उसमें धुआं भी नहीं निकला। आखिरकार चाय लकड़ी और कण्डों से बनानी पड़ी।
बघेल ने कहा कि देश में एलपीजी गैस संकट लगातार गहराता जा रहा है, लंबी कतारों में खड़ा आमजन परेशान है, चारों तरफ बेरोजगारी और महंगाई चरम सीमा को पार कर गई है, लेकिन जिम्मेदार भाजपा की सरकार और उसके नेतागण बेशर्मी की चादर ओढ़े खामोश तमाशा देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमत में बेतहाशा बढ़ोतरी एवं किल्लत (कमी) से भाजपा की जनविरोधी सोच उजागर हुई है। मोदी सरकार में आमजन को पहले नोटबंदी में लाइन, ऑक्सीजन के लिए लाइन, अब गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बघेल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी और उनके मित्र अम्बानी-अडानी तो रोटी की जगह सोना और पैसे खाते हैं, इसलिए उन्हें तो गैस सिलेण्डर की आवश्यकता नहीं पड़ती, किन्तु आमजन रोटी-सब्जी खाता है, इसलिए उन्हें गैस सिलेण्डर की जरूरत पड़ती है, मोदी जी और उनके मित्र पैसे/ सोना खाए पर आमजन को कम कीमत पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें।
संगठन महासचिव महेश जाटव, उपाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, एससी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णगोपाल चौरसिया, सेवादल जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, उपाध्यक्ष हरनारायण शर्मा, पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष सुशीला नरवरिया, सेवादल महिला बिग्रेड जिलाध्यक्ष स्मिता शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता नरोत्तम सिंह नरवरिया एडवोकेट, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप गोयल, राहुल सिंह कुशवाह, देवेन्द्र चतुर्वेदी, अभिलाख सिंह यादव, ओमप्रकाश बंटी, संजय यादव, सोबरन शर्मा, रामकुमार, विवेक जामौर, अभिषेक मौर्य, अतुल यादव, रामप्रकाश, राजीव यादव, ब्रजेश सिंह यादव, रमेश सिंह कुशवाह, गणेशराम तिवारी, नीरज पुरोहित, भीकम प्रजापति, अमन चौहान, जयवीर सिंह, प्रमोद बघेल, रोहित अर्गल, गोलू आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


