– प्रस्फुटन समिति का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 19 मार्च। मप्र जन अभियान परिषद की गठित नवांकुर संस्था स्वावलंबन समाज कल्याण समिति द्वारा ब्लॉक मेहगांव के सेक्टर क्र.4 दंदरौआ की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम ब्लॉक समन्वय जयप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों को समिति संचालन हेतु प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें मप्र जन अभियान परिषद की परिकल्पना, समग्र ग्राम विकास की अवधारणा, संस्थाओं के गठन एवं प्रबंधन तथा प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण समिति के कार्यों, संस्कार केन्द्र, सूचना केन्द्र, नवांकुर नर्सरी, लेखा-जोखा एवं आगामी कार्य योजनाओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में अतिथि अतिथि के रूप में समाजसेवी अमित दांतरे, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुधा राठौर एवं ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ। प्रथम सत्र में अतिथियों ने भारत माता के छाया चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया। प्रशिक्षण के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने मप्र जन अभियान परिषद की परिकल्पना, स्वैच्छिक, सामूहिक और स्वावलंबी गतिविधियो पर मार्गदर्शन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि समाज और शासन के बीच नवांकुर संस्था और प्रस्फुटन समितियां एक सेतु के रूप में कार्य कर रही हैं। हमें नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
अमित दांतरे ने कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए समर्पण और सही दिशा अत्यंत आवश्यक होती है। यदि समिति के सभी सदस्य एकजुट होकर सही तरीके से क्रियान्वयन करें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। सुधा राठौर ने कहा विकास केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए जनभागीदारी अनिवार्य है। जब गांव का प्रत्येक व्यक्ति विकास की प्रक्रिया में भाग लेता है, तभी वास्तविक परिवर्तन आता है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार नवांकुर संस्था के सचिव रामकुमार भदौरिया ने किया। प्रशिक्षण में सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण किए गए।


