– नप ने दुकानदारों को पूर्व में ही दिए थे अतिक्रमण हटाने के नोटिस
भिण्ड, 09 मार्च। मालनपुर नगर के मैन बाजार सब्जी मण्डी में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद की ताबड़तोड़ कार्रवाई से बाजार में अफरा तफरी मच गई। नप का बुलडोजर गरजते ही दुकानदार खुद ही अपने अपने अतिक्रमण हटाते नजर आए। सोमवार को जिला कलेक्टर के आदेश अनुसार एसडीएम गोहद के निर्देश पर गोहद तहसीलदार राकेश श्रीवास्तव, सीएमओ मालनपुर रिहान अली की निगरानी में स्थानीय पुलिस एवं नपा कर्मचारियों द्वारा दोपहर एक बजे प्रशासनिक अधिकारियों का अमला मालनपुर बाजार में उतरा।
जानकारी के अनुसार पूर्व में ही भिण्ड कलेक्टर के आदेशानुसार अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस सभी दुकानदारों को दे दिए गए थे। जिसके उपरांत भी किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। जिसको लेकर आज नगर के बाजार में नपा की जेसीबी का अवैध दर्जनों दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण पर जमकर कार्रवाई की। यह कार्रवाई करीब 5 घण्टे तक चली। जिसमें रह गई दुकानों को कल तक का अतिक्रमण हटाने की हिदायत देकर छोड़ दिया, अपना अतिक्रमण खुद हटा लें वरना कल यही कार्रवाई फिर चलेगी। इस मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। इस कार्रवाई में मालनपुर क्षेत्र के पटवारी संजय शर्मा, इंजीनियर राजश्री शर्मा, नगर राजस्व अधिकारी परमार, बृजेश किरार, मोहर सिंह, हृदेश, रवि शर्मा सहि अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इनका कहना है:
”किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
राकेश श्रीवास्तव, तहसीलदार गोहद

