– ऊमरी पुलिस ने 72 घण्टे में सुलझाई गुत्थी
भिण्ड, 08 मार्च। ऊमरी थाना पुलिस ने ग्राम बिलाव में बुजुर्ग की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और डंडा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार गत तीन मार्च को ग्राम बिलाव में एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट कर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। फरियादी की शिकायत पर थाना ऊमरी में अपराध क्र.43/2026 धारा 103 (1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव एवं एएसपी संजीव पाठक ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम का गठन किया था। डीएसपी (मुख्यालय) दीपक तोमर के मार्गदर्शन में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 6 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को ग्राम बिलाव से ही दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार (कुल्हाड़ी और डंडा) जब्त कर लिए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में ऊमरी थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह, नयागांव थाना प्रभारी वैभव तोमर, बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया, उपनिरीक्षक मलखान सिंह थाना ऊमरी, सायबर सैल टीम सउनि सत्यवीर सिंह, प्रधान आरक्षक सतेन्द्र यादव, थाना ऊमरी टीम से बीट प्रभारी बिलाव प्रधान आरक्षक राजेश मधुरिया, प्रधान आरक्षक विनोद, कौशल सिंह, मदन मोहन शर्मा, आरक्षक राहुल तोमर, सनी यादव, संदीप चौहान, शैलेन्द्र राजावत, राहुल तोमर, नीलेश तोमर, आलोक सेंगर एवं रिंकू सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


