– धरती संस्था का बाल विवाह मुक्त भारत अभियान 100 दिवसीय कार्यक्रम पूर्ण
भिण्ड, 08 मार्च.मनीष दुबे। धरती संस्था द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं बच्चों की न्याय तक पहुंच कार्यक्रम के तहत 100 दिवसीय कार्यक्रम सफलता पूर्वक पूर्ण होने पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कि अवसर पर शहर के ऊषा कॉलोनी में संस्था द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
इस अवसर पर जिला समन्वयक रामवीर सिंह कुशवाह ने बताया कि धरती संस्था के निदेशक देवेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में बाल विवाह के खिलाफ इस 100 दिवसीय जागरूकता अभियान और इसके तहत निकाले गए बाल विवाह मुक्ति रथ के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में बदलाव का संदेश दिया गया, जिसे लोगों ने स्वीकार किया और सराहा। गांव-गांव बाल विवाह रोकने का संदेश देकर लोगों को बाल विवाह न करने एवं न करने देने की शपथ भी दिलाई गई, जिससे लोगों में जागरूकता का संचार हुआ।
कुशवाह ने बताया कि इस अभियान के पहले चरण में शैक्षणिक संस्थानों, दूसरे चरण में धर्म गुरुओं को जोड़ा गया। उनसे अनुरोध किया गया कि वे विवाह संपन्न कराने से पूर्व आयु की जांच अवश्य कर लें और बाल विवाह कराने से इंकार करें। साथ ही कैटर्स, सजावट बाले, मैरिज गार्डन वाले तथा विवाह में सेवाएं देने वाले अन्य लोगों को बाल विवाह में अपनी सेवाए न देने का संकल्प दिलाया गया। उन्हें जानकारी दी गई कि जो भी बाल विवाह में किसी भी रूप में शामिल होने या सहयोग देने पर सजा हो सकती है।


