– पुलिस लाइन में जमकर खेली होली, डीजे की धुन पर थिरके जवान
भिण्ड, 05 मार्च। जिलेभर में जब आमजन की होली खेली जा रही थी, उस समय पुलिस बल उनकी सुरक्षा में जगह-जगह तैनात रहा। इसके बाद पुलिस महकमे ने गुरुवार को पुलिस लाइन में होली का पर्व धूमधाम से मनाया। डीआईजी/एसपी डॉ. असित यादव खुली जीप में सवार होकर शहर में होली का जुलूस लेकर निकले। इस दौरान पुलिस जवानों और शहर वासियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया। जुलूस के दौरान स्वागत के लिए लगाई गई जेसीबी से भी रंग बरसाया गया और डीजे की धुन पर अधिकारी व जवान थिरकते नजर आए।
होली के जुलूस की शुरुआत ऑफिसर कॉलोनी से हुई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस लाइन तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस कप्तान खुली जीप में खड़े थे। जवानों और शहरवासियों ने उन पर रंग-गुलाल डाला, वहीं एसपी ने भी मौजूद लोगों पर रंग उड़ाकर होली की शुभकामनाएं दीं। जुलूस के दौरान कई स्थानों पर पुलिस जवानों ने जेसीबी मशीन पर चढ़कर रंग और गुलाल उड़ाया। पुलिस का यह अलग अंदाज देखकर सड़क से गुजर रहे लोग भी ठिठक गए। कई शहरवासियों ने भी आगे आकर एसपी और पुलिस जवानों के साथ होली खेली और एक-दूसरे को बधाई दी।
अपने कप्तान को होली के रंग में रंगा देखकर पुलिस जवानों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। एसपी, डीएसपी से लेकर प्रधान आरक्षक और आरक्षक तक सभी डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। ‘रंग बरसे’ और ‘आज बरसाने में होली’ जैसे गीतों पर अधिकारियों और जवानों ने एक साथ मिलकर नृत्य किया। करीब दो से ढाई घण्टे तक शहर में भ्रमण करने के बाद यह जुलूस पुलिस लाइन पहुंचा। यहां आयोजन के समापन पर ठंडाई, पकौड़ी और अन्य पकवानों से जवानों व मेहमानों का स्वागत किया गया। पुलिस के इस होली मिलन समारोह में समाजसेवी, पत्रकार और बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे।


