– 8 मार्च को होगा जिला स्तरीय खेल महोत्सव
भिण्ड, 03 मार्च। आगामी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम के संबंध में कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागीय दायित्वों का निर्धारण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर किारोड़ीलाल मीणा ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने, विभागीय दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु कार्यक्रम प्रभावी बनाया जाए। जिला युवा अधिकारी माय भारत केन्द्र भिण्ड ने अवगत कराया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग एवं माय भारत के सहयोग से जिला स्तरीय खेल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वास्थ्य एवं फिटनेस संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा उनकी व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम का आयोजन 8 मार्च को स्थान राजीव गांधी खेल मैदान में सुबह 9 बजे से किया जाएगा। इसमें एथलेटिक्स की 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त रस्साकसी एवं अन्य मनोरंजक खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताएं अंडर-13, 13-18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में संपन्न होंगी। प्रत्येक प्रतियोगिता में अधिकतम 128 प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। प्रतिभागियों का पंजीयन एनएसआरएस पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य रहेगा।


