– खाद्य सुरक्षा विभाग ने अमानक बर्फी एवं जले हुए खाद्य तेल को कराया नष्ट
भिण्ड, 01 मार्च.मनीष दुबे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी एवं रीना बंसल ने भिण्ड शहर के भारौली तिराहा स्थित मिष्ठान दुकानों एवं किराने की दुकानों से मिठाईयों, मसालों, दालों, गुड़, शक्कर, चाय पत्ती आदि खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच किए।
फूड लैब केमिस्ट आरती शिवहरे ने सभी नमूनों की मौके पर जांच की। मौके पर जय गुरुकृपा मिष्ठान भंडार की मावा बर्फी अमानक पाई जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नष्ट कराई। जय गुरुकृपा मिष्ठान भंडार पर मिले जले हुए दो किलो खाद्य तेल को मौके पर ही नष्ट कराया। चलित खाद्य प्रयोगशाला से आमजन को मिलावट की जानकारी देकर जागरूक किया एवं दुकान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, रख-रखाव, खाद्य-अखाद्य रंगों के बारे में प्रशिक्षण दिया। खाद्य पदार्थों की दुकानों पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई न पाई जाने पर हैप्पी स्वीट्स, जय हनुमान मिष्ठान भंडार, जय गुरुकृपा मिष्ठान भंडार, राम किराना को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-32 का नोटिस जारी किया गया।


