-अभ्यर्थी संस्था में उपस्थित होकर 5 मार्च तक करवा सकते हैं अपना रजिस्ट्रेशन
भिण्ड, 26 फरवरी। शासकीय संभागीय आईटीआई भिण्ड में ग्लोबल स्किल पार्क भोपाल के साथ स्पोक एण्ड हब मॉडल पर बेसिक इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, बेसिक मेकेनिकल कोर्स व्यवसाय में रोजगारोन्मुखी शॉर्ट टर्म कोर्स 10 दिवस प्रशिक्षण प्रदाय किया जाना है। जिसमें न्यूनतम 8वीं कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक के उत्तीर्ण छात्र/ छात्राएं अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रशिक्षणार्थियों को संस्था स्तर का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 9 मार्च से 18 मार्च तक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
उक्त प्रशिक्षण में रजिस्ट्रेशन हेतु अभ्यर्थी संस्था में उपस्थित होकर हेल्पडेस्क से अपना रजिस्ट्रेशन 5 मार्च तक करवा सकते हैं। प्रशिक्षण हेतु 250 रुपए शुल्क देय होगा, जो संबंधित प्रशिक्षणार्थियों द्वारा संस्था में जमा करना होगा। प्रशिक्षण संस्था के प्रशिक्षण अधिकारियों द्वारा प्रदान किया जाएगा। साथ ही साफ्ट स्किल एवं पर्सनालिटी डेवलपमेंट की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा प्रदान की जाएगी। दस्तावेजों में मार्कशीट (8वीं, 10वीं, 12वीं), आधार कार्ड, मूल निवासी सर्टिफिकेट लेकर शासकीय संभागीय आईटीआई कॉलेज लहार चुंगी केन्द्रीय विद्यालय के पास भिण्ड में समय सुबह 9.30 से शाम 5.30 बजे तक कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

