– भाजयुमो कार्यकर्ता पर हमले की कड़े शब्दों में की निंदा, बिंदु को दिया साहस और न्याय का भरोसा
इंदौर, 24 फरवरी। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंदौर में भारतीय जनता युवामोर्चा की महिला कार्यकर्ता बिंदु चौहान पर हुए कायरतापूर्ण हमले की कठोर शब्दों में निंदा की और घायल कार्यकर्ता से बात की। एआई इंपैक्ट समिट के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई पत्थरबाजी में बिंदु चौहान की आंख पर गंभीर चोट आई, जिसपर केन्द्रीय मंत्री ने कठोर शब्दों में आपत्ति दर्ज की। घटना की जानकारी मिलते ही केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने फोन पर बिंदु चौहान से बात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने उन्हें हिम्मत, विश्वास और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। सिंधिया ने कहा कि विचारों का विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा और गुंडागर्दी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
लोकतंत्र में असहमति का स्थान पर हमले का नहीं
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हम किसी भी प्रकार के अन्याय, हिंसा और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हमलों के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े हैं। लोकतंत्र में असहमति का स्थान है, परंतु पत्थर और हमले नहीं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संवाद की संस्कृति को कमजोर करने वाली शक्तियों को कानून के दायरे में लाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अंत में उन्होंने घायल कार्यकर्ता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि साहस और सत्य की शक्ति किसी भी भय से बड़ी होती है, और न्याय अवश्य होगा।


