– पूर्व विधायक ने एनएच-719 को लेकर पत्रकार वार्ता में दिया सुझाव
भिण्ड, 19 फरवरी.मनीष शर्मा। नेशनल हाईवे-719 के चौड़ीकरण को लेकर पूर्व विधायक संजीव कुशवाह संजू ने गुरुवार को शहर के उदय पैलेस होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में मौजूदा हाईवे के चौड़ीकरण को गलत बताया। उन्होंने इसके स्थान पर नया ग्रीन फील्ड हाईवे बनाने की मांग की है। साथ ही मौजूदा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि यहां लहार, गोहद और अटेर के नेता तो हैं, लेकिन पूरे जिले का कोई नेता नहीं है।
उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि एनएच-719 के चौड़ीकरण से समस्याएं कम होने की बजाय बढ़ेंगी। यदि इसके विकल्प के तौर पर ग्रीनफील्ड हाईवे बनाया जाए, तो कम लागत में भिण्ड को एक नया और सुरक्षित मार्ग मिल सकता है। इससे जिले के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान ग्रीन फील्ड हाईवे और शहर बायपास चौड़ीकरण की कार्य योजना तैयार कर ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा था। इसके बाद दोनों योजनाओं पर प्रारंभिक काम भी शुरू हुआ, लेकिन चुनाव हारने के बाद यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं किया।
पूर्व विधायक ने जिले के नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि यहां कोई लहार का नेता है, कोई गोहद का, तो कोई अटेर और मेहगांव का, लेकिन जिले का नेता कोई नहीं है। यही वजह है कि विकास के मामले में जिला पीछे रह गया है। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा के किसी भी नेता ने इस मुद्दे पर सही स्तर पर पत्राचार तक नहीं किया। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि जिले के सभी जनप्रतिनिधि मिलकर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी से ग्रीनफील्ड हाईवे को लेकर मुलाकात करें, तो स्वीकृति आसानी से मिल सकती है। उन्होंने सभी से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर संयुक्त प्रयास करने की अपील की।


