– सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव को सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 19 फरवरी.मनीष शर्मा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का धैर्य अब जवाब दे रहा है। पिछले कई महीनों से लंबित अपने हक के पैसों और वेतन में हो रही देरी को लेकर जिलेभर के सीएचओ ने एकजुट होकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव को ज्ञापन सौंपा और अपनी समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि उन्हें अप्रैल माह से लेकर जनवरी 2026 तक का परफॉरमेंस बेस्ड इंसेंटिव नहीं दिया गया है। करीब 10 महीनों से लंबित इस प्रोत्साहन राशि के कारण अधिकारियों को भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि पीबीआई तो दूर अधिकारियों को उनका नियमित वेतन भी समय पर नहीं मिल रहा है। समय पर वेतन न मिलने के कारण ईएमआई, बच्चों की फीस और रोजमर्रा के खर्चे पूरे करने में सीएचओ को काफी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि अप्रैल से जनवरी 2026 तक के रुके हुए पीबीआई का तत्काल भुगतान किया जाए। हर माह की एक निश्चित तारीख तक वेतन का भुगतान सुनिश्चित हो। अन्य प्रशासनिक विसंगतियों और ब्लॉक स्तर पर हो रही समस्याओं का निराकरण हो। ज्ञापन लेने के दौरान सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव ने अधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि बजट और तकनीकी समस्याओं के कारण आ रही रुकावटों को दूर कर जल्द ही वेतन और पीबीआई की प्रक्रिया को सुचारू किया जाएगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संगठन के प्रतिनिध कहा कि हम दिन-रात मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन जब हमें अपने हक का वेतन और प्रोत्साहन राशि ही नहीं मिलेगी, तो मनोबल कैसे बना रहेगा? हमने सीएमएचओ साहब को अपनी व्यथा बताई है और उम्मीद है कि जल्द समाधान होगा।


