– इंडिया मार्ट से कॉस्मेटिक व्यापारी ने मंगाया था सामान, ठग फर्जी बिल्टी थमाकर फरार
भिण्ड, 18 फरवरी। ऑनलाइन प्लेटफार्म इंडिया मार्ट के जरिए व्यापारी से एक लाख 12 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। व्यापारी ने मेकअप सामान खरीदने के लिए कॉस्मेटिक का सामान बुक किया था। ठगों ने फर्जी बिल्टी देकर व्यापारी से पैसे ले लिए और अब फोन बंद कर लिया। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कुसुमबाई मार्केट में कॉस्मेटिक का व्यापार करने वाले सोनू श्रीवास निवासी बीटीआई रोड ने करीब छह माह पहले इण्डिया मार्ट पर मेकअप सामग्री खरीदने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसी दौरान उनकी पहचान एक कथित सप्लायर से हुई, जो लगातार संपर्क में रहा और सस्ते दामों में कॉस्मेटिक सामग्री उपलब्ध कराने का लालच देता रहा। दो फरवरी को सोनू श्रीवास ने सामान बुक करने के लिए 78 हजार रुपए का ऑनलाइन भुगतान किया। इसके बाद 3 फरवरी को 21 हजार रुपए और 6 फरवरी को 13 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए दिए गए। इस तरह कुल एक लाख 12 हजार रुपए का भुगतान कर दिया गया। भुगतान के बाद कथित सप्लायर ने माल भेजने का आश्वासन दिया और एक फर्जी ट्रांसपोर्ट बिल्टी भी उपलब्ध करा दी। जब व्यापारी ने माल की डिलीवरी को लेकर संपर्क किया, तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। अब तक न तो कोई सामान भेजा गया और न ही पैसे लौटाए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित व्यापारी ने ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ट्रांजैक्शन डिटेल, कॉल रिकार्ड और फर्जी बिल्टी की जांच की जा रही है। साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।


