– कांवड़ चढ़ाकर लौट रहे युवक की टैंकर की टक्कर से हुई थी मौत
भिण्ड, 16 फरवरी। शहर के कोतवाली इलाके में बायपास रोड पर रविवार को हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद सोमवार को पीएम हाउस से शव मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंदिरा गांधी चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। वे आर्थिक सहायता और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम के चलते करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रविवार को मेला वायपास रोड पर हाथी गड्ढा के पास हुई थी। विनोद नगर कॉलोनी निवासी आकाश सिंह भदौरिया उम्र 30 साल पल्सर बाइक से बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आकाश सड़क पर गिर पड़ा और टैंकर उसे रौंदते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि आकाश रविवार को ही श्रृंगीरामपुर से कांवड़ लेकर भिण्ड लौटा था। कांवड़ चढ़ाने के बाद वह अपनी मौसी के घर प्रसाद देने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया था। सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इन्दिरा गांधी चौराहे पर पहुंचे और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश दी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खोला गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।


