भिण्ड, 11 फरवरी। शासकीय कन्या महाविद्यालय भिण्ड द्वारा गोद ग्राम मंगदपुरा में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में न्यायाधीश अनुभूति गुप्ता एवं देवेश शर्मा उपस्थित रहे, जिनके सानिध्य में कार्यक्रम संपन्न हुआ। दोनों अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज सेवा, संविधान के मूल्यों, महिला सशक्तिकरण तथा विधिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर शिविर का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी दीक्षा साहू के समन्वय में किया गया। महाविद्यालय के संरक्षक आचार्य राहुल शर्मा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सहायक दल के रूप में सुधीर जोशी एवं जितेन्द्र बघेल सहित महाविद्यालय परिवार का सहयोग सराहनीय रहा। समापन अवसर पर सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित क्ले मॉडलिंग, पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता, क्राफ्ट-मेकिंग, रंगोली तथा शिविर दर्शन जैसी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेविकाओं को पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सर्वश्रेष्ठ सहभागिता, सक्रिय सहभागिता एवं सेवा-भाव के लिए चयनित स्वयंसेवकों को विशेष पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथियों ने छात्राओं को विधिक साक्षरता, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के विषय में जागरूक किया। व्यवहारिक जीवन से जुड़े अनुभव साझा कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं संवैधानिक मूल्यों को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। संविधान पर चर्चा के साथ बौद्धिक सत्र का भी समापन हुआ। अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सात दिवसीय विशेष शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ शिविर का औपचारिक समापन किया गया।


